सहज योग

सहज योग

आत्म-साक्षात्कार और ध्यान द्वारा आंतरिक जागृति

श्री माताजी निर्मला देवी ने केंद्रीय तंत्रिका तंत्र पर आत्म-साक्षात्कार की प्राप्ति के माध्यम से योग के अभ्यास में क्रांति ला दी। आध्यात्मिकता के इतिहास में श्री माताजी सामूहिक रूप से आत्म-साक्षात्कार का अनुभव प्रदान करने वाली पहली और एकमात्र व्यक्ति हैं। उन्होंने घोषणा की कि यह सभी मनुष्यों का जन्मसिद्ध अधिकार है - धर्म, जाति, राष्ट्रीयता या परिस्थिति की परवाह किए बिना - अपना आत्म-साक्षात्कार प्राप्त करना। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कोई सत्य या आत्म-ज्ञान के लिए भुगतान नहीं कर सकता है, इस प्रकार आत्म-साक्षात्कार हमेशा मुफ्त में दिया जाता रहा है, और जाता रहेगा।

श्री माताजी का जन्म आत्म-साक्षात्कार की पूर्ण चेतना के साथ हुआ था, और बहुत कम उम्र से ही वे इस अनमोल उपहार को हर किसी के साथ साझा करना चाहतीं थीं। यह उनके पिता ही थे जिन्होंने उनकी इस आध्यात्मिक विलक्षणता को पहचाना और उन्हें सलाह दी कि वे सबसे पहले सामूहिक आत्म-साक्षात्कार का कोई ऐसा मार्ग खोजें, जिसके द्वारा वे मानव जाति के कल्याण के लिए एक व्यापक वैश्विक जनसमूह तक पहुँच सकें। इस बात से प्रेरित होकर, श्री माताजी ने सैंतालीस वर्षों की अवधि तक मनुष्यों का गहन अध्ययन किया, और इस दौरान वे उन्हीं के बीच रहीं तथा उनसे सीधे तौर पर जुड़ीं रहीं। मानव मन की समस्त बारीकियों और विविधताओं को पूरी तरह से समझ लेने के बाद ही, उन्होंने अपने भीतर 'सहस्रार चक्र' (सिर के ऊपरी भाग में स्थित सातवाँ आध्यात्मिक केंद्र) को जागृत करने का अंतिम निर्णय लिया; इसी के माध्यम से वे अपने जीवन के उस महान उद्देश्य को पूर्ण कर सकीं, जिसके अंतर्गत उन्हें सामूहिक आत्म-साक्षात्कार और 'सहज योग' ध्यान पद्धति का विकास एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करना था।

5 मई, 1970 का दिन मानव जाति के आध्यात्मिक विकास में एक ऐतिहासिक मोड़ था। आत्म-साक्षात्कार और सच्चे ध्यान के माध्यम से आंतरिक जागृति तक पहुँच अब केवल योग के कुछ समर्पित गुरुओं तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह आम लोगों के लिए भी सुलभ हो जाएगी—उन सभी के लिए, जो उच्चतर आत्म-जागरूकता प्राप्त करने का मार्ग खोज रहे थे। योग के अभ्यास में श्री माताजी ने जो अनूठा परिवर्तन लाया, वह था—पहले ही दिन से आत्म-साक्षात्कार की प्रत्यक्ष अनुभूति। इससे पहले, यह उपलब्धि वर्षों—अगर दशकों नहीं—तक किसी गुरु के सान्निध्य में योग का कठोर अभ्यास करने के बाद भी विरले ही संभव हो पाती थी। श्री माताजी ने यह उद्घाटित किया कि मानव चेतना विकास की प्रक्रिया में अपने शिखर पर पहुँच चुकी है और अब वह सहज आत्म-साक्षात्कार को ग्रहण करने के लिए पूर्णतः परिपक्व है; बशर्ते कोई अधिकृत गुरु, रीढ़ की हड्डी के आधार में स्थित उस सुप्त, आदिम आध्यात्मिक ऊर्जा—'कुंडलिनी शक्ति' (संस्कृत में जिसका अर्थ है—सर्वव्यापी दिव्य शक्ति की कुंडलित ऊर्जा)—को जागृत कर सके।

अगले चार दशकों में, श्री माताजी ने सहज योग ध्यान की प्रथा स्थापित की। कोई भी व्यक्ति—चाहे उसकी सांस्कृतिक, धार्मिक, आयु-संबंधी या शैक्षिक पृष्ठभूमि कुछ भी हो—इस प्रकार के योग ध्यान का अभ्यास आसानी से कर सकता था। इसके अलावा, कई ऐसे लोग जिन्होंने स्वयं को सहज योग में स्थापित कर लिया था, वे सहजता से आत्म-साक्षात्कार के इस गहन उपहार को दूसरों तक पहुँचा सकते थे—ठीक वैसे ही जैसे एक मोमबत्ती का उपयोग दूसरी मोमबत्तियों को जलाने के लिए किया जा सकता है। श्री माताजी ने विशेष रूप से इस बात पर ज़ोर दिया कि दूसरों को आत्म-साक्षात्कार देने या सहज योग का ज्ञान सिखाने के लिए कोई भी शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने स्वयं इस सहज(अन्तर्जात) उपहार को साझा करने के लिए कभी कोई शुल्क नहीं लिया था। इसने उस सच्चे और व्यापक आत्म-साक्षात्कार की नींव रखी, जिसकी परिकल्पना उनके पिता ने तब की थी जब वह एक छोटी बच्ची थीं।

सहज योग ध्यान एक सरल और सहज(निष्क्रय) तकनीक है, जिसे उन्होंने आत्म-साक्षात्कार की दीक्षा के माध्यम से अनुभव की गई आंतरिक जागृति को बनाए रखने के लिए विकसित किया था। 'सहज' शब्द का अर्थ 'स्वाभाविक' और 'आपके साथ जन्मा' दोनों ही होता है; यह उस सूक्ष्म ऊर्जा (कुंडलिनी) का वर्णन करता है जो हर मानव में मौजूद होती है। आम धारणा के विपरीत, योग व्यायाम या आसनों की एक श्रृंखला को नहीं दर्शाता है, बल्कि वास्तव में इसका अर्थ है ‘जुड़ना, एक होना, विलीन होना’। योग का लक्ष्य व्यक्ति को उसके 'स्व' या 'आत्मा' (संस्कृत में यह सर्वव्यापी चेतना का प्रतिबिंब माना जाता है) के वास्तविक स्वरूप से अवगत कराना और इस नई चेतना के साथ पूर्ण मिलन प्राप्त करना है। ठीक वैसे ही जैसे पानी की एक बूंद सागर में विलीन हो जाती है, उसी तरह यह कहा जा सकता है कि व्यक्ति की चेतना, सामूहिक चेतना में विलीन हो जाती है। जब यह मिलन होता है, तो कुंडलिनी की एकीकृत शक्ति व्यक्तिगत और सामूहिक, दोनों ही स्तरों पर संतुलन और शांति लाती है।

‘सहज योग’ का अर्थ और भी बेहतर ढंग से समझा जा सकता है, यदि हम इसे इसके अलग-अलग हिस्सों में बाँट लें: ‘सह’ का अर्थ है ‘साथ’ और ‘ज’ का अर्थ है ‘जन्मा हुआ’, तथा ‘योग’ का अर्थ है ‘मिलन’ या ‘तकनीक’। अतः ‘सहज योग’ का तात्पर्य यह है कि विकास की यह तकनीक हममें से प्रत्येक के भीतर जन्मजात रूप से विद्यमान है।

इस खंड का अन्वेषण करें

SHARE PAGE